Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरी बेटी को भी उसी किले से धक्का दे दिया जाए, जहां से केतन गिरा…सामने आया सिया के पिता का बयान

June 26, 2026

मेरी बेटी को भी उसी किले से धक्का दे दिया जाए, जहां से केतन गिरा…सामने आया सिया के पिता का बयान

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे में कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले में पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। वहीं अब सिया के पिता प्रवीण गोयल का बयान सामने आया है। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी भी इस हत्या में दोषी साबित होती है तो केतन जिस किले से गिरा है मेरी बेटी को भी वहीं से धक्का दे दिया जाए।

प्रवीण गोयल ने कहा कि यह घटना उनके परिवार के लिए भी किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। उन्हें आज भी इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा कि केतन अब इस दुनिया में नहीं है। केतन सिर्फ होने वाला दामाद नहीं था, बल्कि वह उनके बेटे जैसा बन चुका था। अग्रवाल परिवार ने अपना बेटा खोया है, लेकिन उन्होंने भी एक बेटे जैसा इंसान खो दिया है।

दोषियों को मिले कड़ी से कड़ी सजा

सिया के पिता ने कहा कि इस जघन्य अपराध में जो भी व्यक्ति शामिल है, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी भी दोषी पाई जाती है तो उसे भी कानून के अनुसार सबसे कठोर सजा मिलनी चाहिए। इस अपराध के लिए किसी के साथ नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।

 

शादी को लेकर दोनों परिवार थे खुश

प्रवीण गोयल ने बताया कि सिया और केतन की शादी को लेकर दोनों परिवार काफी उत्साहित थे। सिया भी इस रिश्ते से खुश नजर आती थी। वह अक्सर घर में बताती थी कि केतन बहुत अच्छे स्वभाव का है और उसका परिवार भी काफी संस्कारी और स्नेही है। वह अपने होने वाले सास-ससुर और ननद की भी खूब तारीफ करती थी। अग्रवाल परिवार बहुत अच्छे लोग हैं और उनके जैसा रिश्ता मिलना मुश्किल है। इस घटना से दोनों परिवारों का गहरा नुकसान हुआ है।

प्रेम संबंधों की नहीं थी कोई जानकारी

सिया और चेतन चौधरी के कथित प्रेम संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कभी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने न तो कभी चेतन को देखा था और न ही उससे कभी बात की थी। यहां तक कि उन्होंने उसका नाम भी पहले कभी नहीं सुना था।

प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि सिया ने अपने प्रेम संबंधों की जानकारी केतन को दी थी, तो यह बात दोनों परिवारों तक भी पहुंचनी चाहिए थी। अगर समय रहते उन्हें इस बारे में पता चल जाता, तो शायद यह दुखद घटना टाली जा सकती थी। आज दोनों परिवारों ने एक अच्छे बेटे और मजबूत रिश्ते को हमेशा के लिए खो दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अदालत में सभी सबूत पेश किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें