Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

नवजात वार्ड में धुआं भरने से अफरा-तफरी, बच्चे शिफ्ट

September 20, 2026

नवजात वार्ड में धुआं भरने से अफरा-तफरी, बच्चे शिफ्ट

Smoke Spreads in Civil Hospital NICU : करनाल। सिविल अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में अचानक धुआं फैल गया। एक प्वाइंट पर शॉर्ट सर्किट होने के बाद पैदा हुई स्थिति को देखते हुए अस्पताल स्टाफ ने तुरंत मोर्चा संभाला और वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

एहतियात के तौर पर चार बच्चों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शिफ्ट किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना के बाद वार्ड के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन अपने नवजात बच्चों को गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जाते नजर आए। परिजनों सुशीला, रमन शर्मा, कुलदीप व अन्य ने बताया कि अचानक शॉर्ट सर्किट की सूचना मिली और कुछ ही देर में वार्ड में धुआं भरने लगा। इसके बाद स्टाफ ने तुरंत बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। परिजनों के मुताबिक उस समय वार्ड में करीब 6-7 बच्चे दिखाई दे रहे थे।

वार्ड में थे 10 बच्चे, चार को किया गया शिफ्ट

अस्पताल की पीएमओ के अनुसार एनआईसीयू में एक विद्युत प्वाइंट पर शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिसके कारण धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई और संबंधित स्टाफ को मौके पर बुलाया गया। स्थिति को देखते हुए नवजात बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। पीएमओ ने बताया कि घटना के समय एनआईसीयू में कुल 10 बच्चे भर्ती थे। इनमें से चार बच्चों को एहतियात के तौर पर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी भी बच्चे की हालत को लेकर चिंता की बात नहीं है। अस्पताल प्रबंधन ने घटना के बाद स्थिति का जायजा लिया और फिलहाल व्यवस्था सामान्य है। समय रहते स्टाफ द्वारा की गई कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा-एनसीआर से जल्द विदा होगा मानसून, 21 से बदलेगा मौसम

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें