चंडीगढ़: हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गरीब परिवारों को बड़ी सौगात मिली। पंचकूला में हरियाणा सरकार के गौरवमयी एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि हमारी सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थियों को 3000 रुपये प्रति माह पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। 01 नवंबर 2025 से सरकार इसमें 200 रुपये की वृद्धि करने जा रही है। जिसके बाद नवंबर से लाभार्थियों को 3200 रुपये प्रति माह का लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत प्रदेशभर में लाभार्थियों को 141 ग्राम व 02 महाग्राम पंचायतों में 8,029 प्लॉटों का आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के दूसरे चरण में पिंजौर शहर में 518 प्लॉटों का भी आवंटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के कुछ लाभार्थियों को मंच पर आवंटन पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद कल्याण, विधायक शक्ति रानी शर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रमों में किया गया और प्रदेशभर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री के संदेश को सुना।

