नई दिल्लीः सोशल मीडिया से बनी कॉकरोच जनता पार्टी ने कल दिल्ली में अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व देश भर में शिक्षा सुधार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को उस समय और मजबूती मिली जब शिक्षा सुधार कार्यकर्ता सोनम वांगचुक मंच पर पहुंचे और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें आम तौर पर प्रदर्शन और विरोध पसंद नहीं हैं, लेकिन जब लोगों की न्याय की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जाता है, तो आवाज उठाना जरूरी हो जाता है।
शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत
सोनम वांगचुक ने कहा कि देश की शिक्षा प्रणाली में गहरे और बुनियादी सुधार की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए, क्योंकि बार-बार परीक्षा पेपर लीक होना एक बड़ी समस्या बन चुका है। उनके अनुसार इस स्थिति में जिम्मेदारी तय करना बहुत जरूरी है।
वांगचुक ने राजनीति में आने को लेकर क्या कहा…
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सोनम वांगचुक से शिक्षा मंत्री बनने की मांग भी की। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वे किसी भी राजनीतिक भूमिका में आने की इच्छा नहीं रखते। उन्होंने एक अहम सुझाव दिया कि देश के नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ना चाहिए, ताकि उन्हें भी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अनुभव हो सके।
अभिजीत दीपके ने मंच से सरकार पर कई आरोप लगाए
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर ध्यान देने के बजाय सोशल मीडिया गतिविधियों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके अनुसार पिछले एक महीने से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग चल रही है, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्र और युवा अपने अधिकारों और न्याय के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। दोपहर में गर्मी के कारण उनकी तबीयत थोड़ी बिगड़ गई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना संबोधन पूरा किया।
आगे और बड़ा प्रदर्शन का ऐलान
अभिजीत दीपके ने कहा कि यह प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ है, बल्कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने घोषणा की कि अगले शनिवार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन होगा। अगर मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। यह आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। इसे पूरे देश में फैलाया जाएगा।

