
नई दिल्लीः कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) मंगलवार को जारी हो गई। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और मुलाकातों को लेकर भी कई बातें लिखी हैं।
सोनिया गांधी ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की सत्ता संभाले एक दशक से ज्यादा समय हो चुका है और वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच आज तक कभी खुलकर बातचीत नहीं हुई। उनका कहना है कि औपचारिक कार्यक्रमों में जब भी दोनों का आमना-सामना होता है, तो सिर्फ नमस्ते तक ही बातचीत सीमित रहती है।
PM मोदी और सोनिया गांधी के बीच सिर्फ औपचारिक मुलाकातें
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकातें ज्यादातर सरकारी या संसद से जुड़े औपचारिक कार्यक्रमों में ही होती हैं। इनमें संसद का सत्र खत्म होने के बाद होने वाली मुलाकातें भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संसद सत्र के समापन पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा स्पीकर के कमरे में इकट्ठा होते हैं। वहां प्रधानमंत्री मोदी से भी उनका सामना होता है।

सोनिया गांधी के मुताबिक, स्पीकर का कमरा काफी छोटा होता है और वहां कई नेता मौजूद रहते हैं। ऐसे में जब प्रधानमंत्री उनके सामने आते हैं, तो दोनों हाथ जोड़कर एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं। लेकिन इसके आगे कभी कोई बातचीत नहीं होती।
PM मोदी नजरें मिलाने से भी बचते हैं: सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने किताब में दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे बातचीत करने के साथ-साथ नजरें मिलाने से भी बचते हैं। उनके अनुसार, दोनों के बीच कभी कोई गंभीर या लंबी बातचीत नहीं हुई। उन्होंने लिखा कि जन्मदिन और नए साल जैसे मौकों पर सिर्फ औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान होता है। इसके अलावा दोनों के बीच कोई सीधा संवाद नहीं हुआ।
हालांकि, सोनिया गांधी ने एक घटना का जिक्र भी किया है। उन्होंने बताया कि जब वह अस्पताल से इलाज करवाकर लौटी थीं, तब प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे उनका हालचाल पूछा था और कहा था कि ‘ठीक हैं आप?’ इस पर सोनिया गांधी ने जवाब दिया था, ‘जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया।’
राजनीतिक मतभेद नहीं, विचारधारा की वजह से है दूरी
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों में दूरी की वजह भी बताई है। उन्होंने लिखा कि यह दूरी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विचारधारा को लेकर है। उनके मुताबिक, भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सोच बिल्कुल अलग है। सोनिया गांधी ने कहा कि भारत को देखने और समझने का उनका नजरिया गांधी-नेहरू परिवार से मिले विचारों और मूल्यों पर आधारित है।
उन्होंने लिखा कि उनके लिए भारत का मतलब ऐसा देश है, जहां हर जाति, भाषा, संस्कृति और धर्म के लोगों को बराबर सम्मान मिले। साथ ही देश में आजादी, समानता और सभी को साथ लेकर चलने की भावना होनी चाहिए।
नेहरू पर PM मोदी के बयानों को लेकर भी उठाए सवाल
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण देने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री कई बार संसद में भी उसी तरह की तीखी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जैसी भाषा चुनावी रैलियों में सुनने को मिलती है। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के निशाने पर खासतौर पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू रहते हैं। उनके अनुसार, नेहरू ने भारत को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के रास्ते पर आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद संघ परिवार से जुड़े ऑनलाइन मंचों पर नेहरू के खिलाफ लगातार अपमानजनक टिप्पणियां और गलत जानकारियां फैलाने की कोशिश की जाती है।
‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ का नारा RSS की सोच से निकला: सोनिया
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बीजेपी के ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ के नारे पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा से जुड़ा हुआ है। उनके मुताबिक, संघ परिवार की राजनीति में ऐसा हिंदुत्व सामने आता है, जो लोगों को बांटने का काम करता है। सोनिया गांधी का कहना है कि राजनीति में धर्म का इस्तेमाल लोगों को एक-दूसरे से अलग करने के लिए नहीं होना चाहिए। भारत की संस्कृति और धार्मिक परंपराएं सभी को साथ लेकर चलने की सीख देती हैं।
इंदिरा गांधी से सीखी आस्था का भी किया जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से मिली धार्मिक और सांस्कृतिक सीख के बारे में भी लिखा है। उन्होंने बताया कि भारत में सदियों से आम लोगों द्वारा अपनाई गई धार्मिक परंपराएं काफी उदार रही हैं। यहां धर्म किसी एक किताब, विचार या व्यक्ति तक सीमित नहीं रहा। भारतीय संस्कृति में अलग-अलग विचारों को मानने और उन पर सवाल उठाने की भी जगह रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों से भारत के धर्म और संस्कृति को समझा है। गांधीजी अहिंसा, समानता और आपसी भाईचारे में विश्वास रखते थे।
हिंदू धर्म में सुधार और असहमति की भी रही है जगह
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि भारतीय धार्मिक परंपराओं में हमेशा सुधार की गुंजाइश रही है। समय-समय पर कई संतों और समाज सुधारकों ने धर्म के भीतर मौजूद जातिगत भेदभाव और असमानता जैसी बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई। उनके मुताबिक, भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें अलग-अलग विचारों और मान्यताओं को जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि धर्म का असली उद्देश्य लोगों को जोड़ना और समाज में समानता की भावना को मजबूत करना होना चाहिए।