Site icon Dainik Savera Times

जवाहरलाल नेहरू के पत्रों को PM संग्रहालय एवं पुस्तकालय को लौटा दें सोनिया गांधी: भाजपा

नई दिल्ली: भाजपा ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से कहा कि उन्हें भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की ओर से विभिन्न हस्तियों को लिखे गए पत्रों को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय को लौटा देना चाहिए। पार्टी ने कहा कि ऐतिहासिक दस्तावेज देश की संपत्ति होते हैं न कि किसी की निजी संपत्ति। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्र ने प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय की ओर से लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से किए गए उस संवाद का हवाला दिया जिसमें कहा है कि भारत में अंतिम ब्रिटिश वायसराय की पत्नी एडविना माउंटबेटन और प्रतिष्ठित नेताओं जयप्रकाश नारायण और जगजीवन राम के साथ नेहरू के पत्रचार के रिकॉर्ड पूर्ववर्ती नेहरू म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी में थे, जिसने उन्हें 2008 में सोनिया गांधी को लौटा दिया था।

नेहरू संग्रहालय का विस्तार सभी प्रधानमंत्रियों के स्मारकों को शामिल करने के लिए किया गया था और केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद इसका नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय रखा गया था। गांधी परिवार पर निशाना साधते पात्र ने कहा कि यह व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है बल्कि ऐतिहासिक दस्तावेज भारत के ‘खजाने’ का हिस्सा हैं। आरोप लगाया कि चूंकि नेहरू इस परिवार के सदस्य थे, इसलिए वे उनके पत्रों पर हक की भावना से ग्रस्त हैं।

Exit mobile version