Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, जीजा-साले की हुई मौत

May 1, 2026

तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, जीजा-साले की हुई मौत

नेशनल डेस्क: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बागपत ब्लॉक से आगे तेज रफ्तार कैंटर ने भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में जीजा और साले की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बागपत के केतीपुरा इलाके के रहने वाले 25 वर्षीय साहिल, उनके भाई समीर और साले 23 वर्षीय शादाब उर्फ भूरा ट्रैक्टर-ट्रॉली में हरियाणा के जींद जिले से भूसा लेकर घर लौट रहे थे। रात के समय जब वे बागपत ब्लॉक के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आए कैंटर ने उनकी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई।

मौके पर मचा हड़कंप

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। शादाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया। उन्हें सीएचसी बागपत पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। समीर को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे से परिवार में गहरा दुख छा गया है। साहिल के दो छोटे बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं, जो अब पिता के साए से वंचित हो गए हैं। वहीं शादाब अभी अविवाहित था और उसके परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें