Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

जमशेदपुरः खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी समेत चार की मौत

September 24, 2026

जमशेदपुरः खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी समेत चार की मौत

नेशनल डेस्क: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क पर ब्रेकडाउन खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। अन्य की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी और अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ। कार पश्चिम बंगाल की ओर से जमशेदपुर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर के पीछे कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

कार में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही ब्रेकडाउन होने के कारण मरीन ड्राइव पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उसके पीछे जा घुसी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें