नेशनल डेस्क: राजस्थान के बालोतरा जिले के बायतु इलाके में बुधवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। बायतु बायपास के पास एक स्कूल बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में करीब 10 स्कूली बच्चे घायल हो गए। इनमें से 5 बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बस सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की थी। हादसे के समय बस में कुल 36 बच्चे सवार थे। बस अपने रोज के रास्ते पर बच्चों को लेकर जा रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खाई में पलट गई।
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर निर्देश जारी, EVM से छेड़छाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और बच्चों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। सूचना मिलने पर बायतु थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी मनोहर विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहत कार्य संभाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का इलाज जारी
सभी घायलों को बायतु के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, 10 बच्चों को चोटें आई हैं। 5 बच्चों की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद बड़े अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की स्थिति पर नजर रखे हुए है।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी (CO) और थाना प्रभारी (SHO) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Gold Silver Price:एक ही दिन में बढ़ीं सोने-चांदी की कीमतें, जानें आज आपके शहर में कितना है Latest Rate

