Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली के विकास मॉडल से रूबरू हुआ श्रीलंका का प्रतिनिधिमंडल, CM रेखा गुप्ता ने साझा की सरकार की प्रमुख पहल

October 1, 2026

दिल्ली के विकास मॉडल से रूबरू हुआ श्रीलंका का प्रतिनिधिमंडल, CM रेखा गुप्ता ने साझा की सरकार की प्रमुख पहल

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को श्रीलंका की सत्तारूढ़ राजनीतिक पार्टी जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) के महासचिव तिल्विन सिल्वा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच सुशासन, जनसेवा, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और दस प्रमुख पहलों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता जनकेंद्रित प्रशासन के माध्यम से नागरिकों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने सरकार की विभिन्न पहलों और प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार जनहित को केंद्र में रखकर योजनाओं और नीतियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। बैठक में जनसेवा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

 

मुलाकात के दौरान श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल ने अपने देश में लागू की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों और प्रशासनिक अनुभवों की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने शासन व्यवस्था में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और नागरिकों को प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीयता और आपसी विश्वास इन संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद से एक-दूसरे की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझने और अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही दोनों देशों के बीच आपसी समझ और सहयोग को नई मजबूती मिलती है।  मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को सार्थक बताते हुए कहा कि शासन और जनसेवा से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान दोनों पक्षों के लिए उपयोगी है। ऐसे प्रयास भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और मजबूत बनाने में सहायक होंगे। श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल में चंद्रिका अधिकारी, सांसद अबूबकर अथंबावा, कबीलन सुंथरामूर्ति और कल्पना मधुभाषिनी शामिल रहीं। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले और विदेश मामलों के विभाग से डॉ. अश्विन जौहर भी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें