Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

SSP आशुतोष मिश्रा की टीम ने दो नशा तस्कर किए गिरफ्तार, 5 करोड़ की मॉर्फिन भी बरामद

January 3, 2023

SSP आशुतोष मिश्रा की टीम ने दो नशा तस्कर किए गिरफ्तार, 5 करोड़ की मॉर्फिन भी बरामद

बाराबंकी (उप्र): बाराबंकी जिले के थाना जहांगीराबाद पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोटर साइकिल और पांच किलोग्राम मॉर्फिन बरामद की है। बरामद मॉर्फिन की कीमत अन्तरराष्ट्रीय बाजार में पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एएसपी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि एक अभियान के तहत पुलिस टीम ने दो अन्तर्जनपदीय अपराधियों मोहम्मद कलीम व बिरजू उर्फ बृजलाल गौतम को मंझिलेपुर तिराहा के निकट से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी जैदपुर थानाक्षेत्र के टिकरा मुर्तजा के निवासी है। उन्होंने बताया कि दोनों को उस समय गिरफ्तार किया जब वे एक बाइक से जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से प्लास्टिक के पैकेटों में रखी पांच किलोग्राम मॉर्फिन बरामद की।

मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जानकारी दी कि उनका एक बड़ा गिरोह है जो जिला बाराबंकी, सीतापुर, लखनऊ तथा आसपास के जिलों में मॉर्फिन की तस्करी करता है। उनका एक साथी सूफियान अन्य राज्यों से कच्चा माल लेकर आता है और उसे परिष्कृत कर मॉर्फिन बनाई जाती है।

पुलिस के मुताबिक मॉर्फिन की आपूर्ति अभियुक्त कलीम व बिरजू उर्फ बृजलाल विभिन्न जिलों में चिन्हित स्थानों पर करते थे। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोंडा आदि आस-पास के जिलों में भी उनके द्वारा मॉर्फिन की आपूर्ति की जाती थी। उन्होंने बताया कि बिरजू उर्फ बृजलाल पूर्व में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा भी कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है। एएसपी ने बताया कि वांछित आरोपी सुफियान को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है जो बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र स्थित कस्बा सहादतगंज का निवासी है।

 

Download करें दैनिक सवेरा Mobile App

For Android- https://play.google.com/store/apps/details?id=com.dainik.dainiksavera.dainiksavear

For Apple- https://apps.apple.com/in/app/dainik-savera-times/id1602225823

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें