Joint Commissioner Mohanty Arrested : ओडिशा में राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) के संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार मोहंती को शनिवार को सतर्कता विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया और उन्हें भुवनेश्वर की विशेष अदालत (सतर्कता) समक्ष पेश दिया। सतर्कता सूत्रों ने बताया कि मोहंती को उनकी आय के ज्ञात स्नेतों से 143 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति (डीए) रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने जब उनसे संपत्ति प्राप्त करने को लेकर कई सवाल पूछे तो वह संतोषजनक जबाव या हिसाब देने में नाकाम रहे। ओडिशा सतर्कता विभाग ने पहले ही मोहंती, उनकी पत्नी और उनके रिश्तेदार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घर की तलाशी के दौरान, सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने मोहंती के नाम पर बड़ी संपत्तियों का पता लगाया है, जिनमें मैत्री विहार, भुवनेश्वर में लगभग 2400 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली एक तीन मंजिला आवासीय इमारत भी शामिल है।
मोहंती के कब्जे में पायी गयी यह संपत्तियां
मोहंती ने भुवनेश्वर के रघुनाथपुर में एक चार कमरों का फ्लैट खरीदने के लिए अपने और पत्नी के नाम पर भवन निर्माता को अग्रिम भुगतान किया था। इसी तरह, पुरी के बालूखंड में लगभग 7500 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत (संपत्ति के बेनामी होने का संदेह है, जिसकी जांच चल रही है) भी मोहंती के कब्जे में पायी गयी है। इसी तरह, तलाशी अभियान में नयागढ़ के कुसुपल्ला में 14.78 डीसीएमएल क्षेत्रफल में फैला एक फार्महाउस और भुवनेश्वर, खोरधा, राणापुर, नयागढ़ में 11 कीमती भूखंड तथा 11.08 डीसीएमएल क्षेत्रफल वाली कृषि भूमि के मोहंती के कब्जे में होने का पता चला।
मोहंती के पास आय से अधिक संपत्ति
मोहंती के पास से करीब 17.55 लाख रुपये की नकद और 2000 रुपये के 26 नोट बरामद गए। मोहंती के पास से तीन सोने के बिस्कुट (प्रत्येक 100 ग्राम) और सोने के आभूषण (कुल वजन 2.1 किलोग्राम) भी बरामद किये गये। इसी दौरान, मोहंती के 27.25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के बैंक जमा और घरेलू सामान भी बरामद किये गये। सतर्कता सूत्रों ने बताया कि गहन तलाशी, सूची और पूछताछ के बाद, संयुक्त आयुक्त, राज्य परिवहन प्राधिकरण, कटक की आय, व्यय और परिसंपत्तियों की गणना की गयी और पाया गया कि उनके पास आय से अधिक संपत्ति है, जो उनकी आय के ज्ञात स्नेतों से 143 प्रतिशत अधिक है।

