Site icon Dainik Savera Times

छात्रों के साथ खड़े हैं, ‘वसूली तंत्र’ बदलकर रहेंगे : राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों और सरकार के बीच सहमति बनने तथा प्रदर्शनकारी छात्रों द्वारा भूख हड़ताल समाप्त किए जाने पर मंगलवार को खुशी जताई और कहा कि छात्र जब भी सवाल पूछें, उन्हें जवाब मिलना चाहिए। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार ने बातचीत का रास्ता चुना, जिससे समाधान निकला। उन्होंने छात्रों के संयम की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, यही सही तरीका है- छात्र सवाल पूछें, तो जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह देश के हर छात्र के साथ खड़े हैं और इस वसूली तंत्र को जड़ से बदलकर रहेंगे, ताकि प्रत्येक छात्र को उसकी मेहनत का पूरा फल और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अधिकार मिल सके।

राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश में व्यवस्था बदली जाएगी और ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जो छात्रों को आगे बढ़ने में मदद करे, न कि उन्हें पीछे खींचे। उल्लेखनीय है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मंगलवार को आंदोलन समाप्त करने पर फैसला लेने की संभावना है।

इससे पहले, राज्य सरकार ने 2014 से आऊटसोर्स एजैंसी के माध्यम से आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की, जिनमें झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तरीय (जेएसएससी-सीजीएल) परीक्षा भी शामिल है।

Exit mobile version