Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेलवे अधिकारी से करीब 56 लाख रुपये की ठगी, शेयर बाजार में निवेश का दिया था झांसा  

December 14, 2024

रेलवे अधिकारी से करीब 56 लाख रुपये की ठगी, शेयर बाजार में निवेश का दिया था झांसा  
Stock Market Investment : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में एक रेलवे अधिकारी से कथित तौर पर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 56.88 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने साइबर अपराध थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। साइबर अपराध थाना के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गौतम ने शनिवार को बताया कि गत रात को रेलवे में कार्यरत अनिल रैना ने तहरीर दी कि उन्हें एक मैसेज आया जिसमें शेयर बाजार में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया गया।
कुमार ने तहरीर के हवाले से बताया कि आरोपियों ने रैना को अपने ऑनलाइन नेटवर्क से जोड़ा और शुरुआती दौर में कथित निवेश पर मोटा मुनाफा दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित को मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर आरोपियों ने रैना से कई किस्तों में 56.88 रुपये का हस्तांतरण कराया। उन्हें ऐप पर अपनी रकम काफी बढ़ी हुई दिख रही थी।
उन्होंने बताया कि रैना ने जब पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियो ने कहा कि और पैसे जमा कराने पर पैसे वापस किये जाएंगे। कुमार ने रैना के हवाले से बताया कि जब उन्हें शक हुआ तब उन्होंने गत रात पुलिस से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि उन बैंक खातो की भी जांच की जा रही है जिनमें पीड़ित ने राशि भेजी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें