नई दिल्ली। एक बार फिर शुक्रवार को वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ। इस बार सबसे बड़ी बात है कि ट्रेन में संघ प्रमुख मोहन भागवत सवार थे। पथराव से C4 कोच का शीशा टूट गया है। यह घटना लखनऊ से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन के साथ हुई, जो हरदोई के पास पथराव का शिकार बनी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ उपद्रवियों ने ट्रेन पर पत्थर मारे हैं। मामले की जांच में हरदोई पुलिस जुटी हुई है।
भागवत को मिली है जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा
इस ट्रेन पर पथराव के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत को जेड-प्लस (Z+) श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। इस सुरक्षा में ‘एडवांस सिक्योरिटी लाइजन’ (ASL) सुरक्षा तंत्र भी शामिल है। यह सुरक्षा भागवत के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है, ताकि वह किसी भी खतरे से बच सकें।
वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की यह पहली घटना नहीं
यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ है। इससे पहले भी कई बार वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में इन घटनाओं की जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
मोहन भागवत पश्चिम यूपी के दौरे पर
संघ प्रमुख मोहन भागवत इस समय पश्चिम यूपी के दौरे पर हैं। उनका अगला कार्यक्रम मेरठ में है, जहां वह संघ के कार्यालय माधव कुंज में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम आज दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा।
खिलाड़ियों से करेंगे संवाद
इस कार्यक्रम में मोहन भागवत खिलाड़ियों से सीधे संवाद करेंगे। यह पहली बार होगा जब भागवत खिलाड़ियों से सवाल-जवाब करेंगे। इस दौरान क्रिकेटर प्रवीण कुमार, भुनेश्वर कुमार, सुरेश रैना और पहलवान अलका तोमर को भी आमंत्रित किया गया है।
500 खिलाड़ियों को किया गया आमंत्रित
संघ प्रमुख के इस संवाद कार्यक्रम में लगभग 500 खिलाड़ियों को निमंत्रण भेजा गया है। इन खिलाड़ियों के साथ संघ प्रमुख विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
वकील, डॉक्टर, व्यापारी और बुद्धिजीवी भी होंगे शामिल
21 फरवरी को मोहन भागवत मेरठ और ब्रज प्रांत के प्रबुद्धजनों से भी संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में वकील, डॉक्टर, व्यापारी, चार्टर एकाउंटेंट, इंजीनियर और एनजीओ से जुड़े लोग भी भाग लेंगे। यह कार्यक्रम खासतौर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए है।