Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की गई, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे : PM Modi

July 22, 2026

नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की गई, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे : PM Modi

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है ताकि कोई भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न कर सके। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी राज्य सरकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहिए। मोदी ने यहां एनडीए संसदीय दल की बैठक में यह बात कही। यह बैठक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों के ‘चलो संसद’ मार्च और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के एक दिन बाद हुई।

मंगलवार को आयोजित इस बैठक का नाम ‘मंगल मिलन’ रखा गया था। बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि प्रश्नपत्र लीक की खबर सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। रिजिजू ने कहा, साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए नीट की पुनर्परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, उसका सफलतापूर्वक आयोजन कराया गया और परिणाम भी बिना किसी देरी के घोषित किए गए।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह भी जोर दिया कि प्रश्नपत्र लीक मामले के दोषियों को देश के शीर्ष विधि विशेषज्ञों की सहायता से यथासंभव कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ नजीर पेश करने वाली कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने दोषियों को दंडित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत एवं त्रुटिरहित व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। संसदीय मामलों के मंत्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद सभी सांसदों का मार्गदर्शन किया। बैठक की शुरुआत में हाल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित नए सदस्यों को बधाई दी गई और संसद में उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें