Student dies in Navodaya School hostel : भिवानी। जिले के तोशाम क्षेत्र के गांव देवराला स्थित नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र दीपांशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।
हॉस्टल में मौत, सच्चाई की तलाश शुरू
विद्यालय प्रशासन इसे फंदे से लटककर आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक दीपांशु भिवानी जिले के गांव धनाना का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से नवोदय विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार वह 30 जून को गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने के बाद स्कूल लौटा था। शुक्रवार को परिवार से उसकी सामान्य बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह खुश था। छात्र की मां रीना ने आरोप लगाया कि उनका बेटा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता।
परिजनों ने जांच पर उठाए सवाल
उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे स्कूल से फोन आया और पहले केवल आत्महत्या के प्रयास की जानकारी दी गई। उन्होंने बेटे के गले और हाथ पर निशान होने का दावा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्वजनों के अन्य सदस्यों ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि स्कूल प्रशासन अलग-अलग समय बता रहा है, जिससे मामले पर सवाल खड़े होते हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय देवराला के प्राचार्य विनोद कुमार का कहना है कि घटना वाली रात में बाहर थे। अभी स्कूल में पहुंचे हैं। बच्चों और स्टाफ से बात करके मामले की तह तक जाने का प्रयास करेंगे। वैसे स्कूल में और हॉस्टल में कोई समस्या नहीं है।
प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका
इस बारे में पुलिस चौकी प्रभारी राजेश बामल का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जवाहर नवोदय देवराला में दसवीं कक्षा के विद्यार्थी दीपांशु ने आत्महत्या की है। पिता मनजीत के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
Also Read :

