Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : कैंटर की टक्कर, कॉलेज से लौट रही छात्रा की मौत

May 16, 2026

Haryana News : कैंटर की टक्कर, कॉलेज से लौट रही छात्रा की मौत

सोनीपत। सड़क हादसे में एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा कॉलेज से घर लौट रही थी और सड़क किनारे पैदल चल रही थी।

तेज चल रहा था कैंटर

तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन घायल छात्रा को तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज से गांव लौट रही थी

पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि मृतका गांव कमासपुर की रहने वाली थी और मुरथल स्थित छोटूराम कॉलेज में पढ़ाई करती थी। वह अपने कॉलेज से गांव लौट रही थी। कमासपुर पुल के पास वह अपने ताऊ से मिली, जिसके बाद दोनों पैदल गांव की ओर चल पड़े। जब दोनों फौजी टेंट हाउस के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कैंटर आया।

कच्चे रास्ते पर चल रही थी छात्रा

चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर चल रही छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से घायल छात्रा को तुरंत सरकारी अस्पताल सोनीपत पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

कैंटर का नंबर कर लिया नोट

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि हादसे के समय कैंटर का नंबर नोट कर लिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से हादसा हुआ। आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

112 से दी पुलिस को सूचना

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से थाना बहालगढ़ पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी चैक कर रही है। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें