Cockroach Janata Party Protest: जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
अभिजीत दिपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से नई दिल्ली पहुंचे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में युवाओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कड़ी सुरक्षा के बीच जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। वहां मौजूद छात्रों और युवाओं ने ‘जय भीम’ के नारे लगाए।
यह भी पढ़ें-
इस राज्य में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, IMD ने 23 जिलों में जारी किया अलर्ट
श्रेयस अय्यर बने नए टी20 कप्तान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका… टीम इंडिया का ऐलान
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा नीट-यूजी पेपर लीक और अन्य भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं थीं। अभिजीत दिपके ने कहा कि इन विवादों के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति ‘हिट’ स्प्रे लेकर जंतर-मंतर पहुंचा। उसने कॉकरोच जनता पार्टी की आलोचना करते हुए उसे ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा बताया। इस बात को लेकर कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों और उस व्यक्ति के बीच बहस और हल्की धक्का-मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर उस व्यक्ति को वहां से हटा दिया और स्थिति को शांत कराया। जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में छात्र और युवा एकत्र हुए। सभी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
सीजेपी ने साझा किया वीडियो
इस बीच सीजेपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें प्रदर्शनकारी कह रहे थे कि जनता अपने प्रतिनिधियों को चुनकर भेजती है और उनसे जवाबदेही की उम्मीद करती है। उनका आरोप था कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी। यह अभियान उस समय चर्चा में आया जब भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हुई। इसके बाद इस अभियान को सोशल मीडिया पर काफी समर्थन मिला और यह धीरे-धीरे एक संगठित आंदोलन के रूप में सामने आया।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी थी अनुमति
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सीजेपी को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी थी। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए औपचारिक अनुरोध मिलने के बाद आवश्यक अनुमति प्रदान की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच पूरे दिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।

