नेशनल डेस्क: देश में लाखों पेंशनधारक हैं, जिन्हें हर साल एक जरूरी काम समय पर पूरा करना होता है, जो लाइफ सर्टिफिकेट (Life Certificate) यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करना। यह सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि एक अनिवार्य प्रक्रिया है। अगर यह प्रमाण पत्र समय पर जमा नहीं किया गया तो दिसंबर से पेंशन रुक सकती है।
क्यों जरूरी है लाइफ सर्टिफिकेट?
ये भी पढ़ें: ‘बिहार को अब लालटेन की जरूरत नहीं’, समस्तीपुर चुनावी रैली से पीएम मोदी ने RJD पर कसा तंज
सरकार ने यह नियम पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बनाया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पेंशन का पैसा केवल असली पेंशनधारक के खाते में जाए, न कि किसी मृत व्यक्ति या फर्जी खाते में। इस सर्टिफिकेट से सरकार को यह पता चलता है कि पेंशनधारक जीवित हैं और उनका बैंक खाता सक्रिय है। पहले यह प्रक्रिया केवल बैंक या पोस्ट ऑफिस में जाकर पूरी की जाती थी, जहाँ बुजुर्गों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। लेकिन अब सरकार ने इसे डिजिटल इंडिया मिशन के तहत बेहद आसान बना दिया है।
अब घर बैठे जमा कर सकते हैं लाइफ सर्टिफिकेट
अब पेंशनधारक अपने घर से ही जीवन प्रमाण पोर्टल (jeevanpramaan.gov.in) या जीवन प्रमाण ऐप (Jeevan Pramaan App) की मदद से डिजिटल रूप में यह सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक डिवाइस (जैसे फिंगरप्रिंट स्कैनर) जरूरत होती है। ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी करने पर एक डिजिटल रसीद नंबर (Pensioner ID) मिलता है, जिसे भविष्य के लिए संभालकर रखना जरूरी होता है।
लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के तरीके
पेंशनधारक अपनी सुविधा के अनुसार यह प्रमाण पत्र कई तरीकों से जमा कर सकते हैं…
1. बैंक शाखा या पोस्ट ऑफिस में जाकर- जिनके पास स्मार्टफोन या बायोमेट्रिक डिवाइस नहीं है, वे अपने नजदीकी बैंक या पोस्ट ऑफिस जाकर यह सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।
2. कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए- जो लोग डिजिटल प्रक्रिया नहीं जानते, वे नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।
3. घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से- स्मार्टफोन या लैपटॉप रखने वाले लोग जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड कर सकते हैं और कुछ आसान स्टेप्स में ऑनलाइन सर्टिफिकेट सबमिट कर सकते हैं।
बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था
सरकार ने बैंकों और पोस्ट ऑफिसों को निर्देश दिए हैं कि बुजुर्गों की सुविधा के लिए स्पेशल काउंटर बनाए जाएं ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
Video : सीएम मान आज तरनतारन का दौरा करेंगे, उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के लिए प्रचार करेंगे
ध्यान रखें ये बात
अगर 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया गया, तो दिसंबर से पेंशन अपने आप रुक जाएगी। इसलिए सभी पेंशनधारकों को सलाह दी जाती है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पेंशन में कोई रुकावट न आए।