नई दिल्ली: देश में किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रतिबद्धता जताते कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आम की ऐसी किस्म विकसित की जा रही हैं, जिन पर जलवायु परिवर्तन का कोई असर नहीं पड़ेगा। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि देश में किसानों के सामने अनेक चुनौतियों के साथ ही जलवायु परिवर्तन का संकट भी है और इस बार के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 1,37,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट इन्हीं संकटों से निपटने के लिए पारित किया गया है।
भाजपा के सांसद और पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते चौहान ने ये बातें कहीं। रूपाला ने गुजरात के सौराष्ट्र के आम उत्पादक किसानों की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की वजह से खेती पर असर पड़ रहा है और इस बार कृषकों को आम की फसल कम होने की आशंका है। चौहान ने कहा कि भाजपा और राजग के डीएनए में ही किसान कल्याण है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बजट में उच्च उपज वाले 100 से अधिक जलवायु अनुकूल बीजों को व्यावसायिक रूप से किसानों को उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
ये भी पढ़ें: रात में मुनक्का खाना क्यों है फायदेमंद? जान लें कारण और सही तरीका

