Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुधा यादव ने कर्नाटक की राज्यपाल के रूप में शपथ ली

October 16, 2026

सुधा यादव ने कर्नाटक की राज्यपाल के रूप में शपथ ली

बेंगलुरु: सुधा यादव ने शुक्रवार को कर्नाटक की राज्यपाल के रूप में शपथ ली। यादव ने थावरचंद गहलोत की जगह ली, जो 11 जुलाई 2021 से इस पद पर कार्यरत थे। कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विभु बाखरू ने राज्यपाल के आधिकारिक आवास ‘लोक भवन’ में आयोजित एक समारोह में सुधा यादव को पद की शपथ दिलाई। राज्य की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया। शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राज्यपाल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए एक सैनिक की पत्नी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सुधा यादव (61) को सोमवार को कर्नाटक की नयी राज्यपाल नियुक्त किया था।

पूर्व सांसद और भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य यादव कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल हैं। उनसे पहले वी एस रमादेवी ने दिसंबर 1999 से अगस्त 2002 तक इस पद पर कार्य किया था। यादव ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की से रसायन विज्ञान में पीएचडी की डिग्री हासिल की है। उनके पति सुखबीर सिंह यादव सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डिप्टी कमांडेंट थे और वह 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हो गए थे। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गई थीं।

उन्होंने 1999 में महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वह 2004 तक सांसद रहीं। उन्होंने 2019 से 2022 तक राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के रूप में भी कार्य किया। यादव अगस्त 2022 में भाजपा के संसदीय बोर्ड की सदस्य बनी थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें