Suicide in Jharkhand : झारखंड के झुमरी तिलैया में सोमवार को एक तलाकशुदा महिला का शव उसके लिव-इन पार्टनर हर्ष सोनकर के घर में मिला। बताया जा रहा है कि आयुषी चावला का शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में आयुषी के लिव-इन पार्टनर और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
लिव-इन में रहती थी आयुषी-
जानकारी के अनुसार आयुषी कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद की रहने वाली थी। उसकी शादी 2018 में झुमरी तिलैया के एक व्यक्ति से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता चल नहीं सका। पांच साल बाद उसका तलाक हो गया। इसके बाद पिछले दो साल से वह झुमरी तिलैया शहर के चित्रगुप्त नगर निवासी हर्ष सोनकर के साथ उसके घर पर रह रही थी। हर्ष झुमरी तिलैया में फल की दुकान चलाता है।
फोन पर बताई फांसी लगाने की बात-
उसने पुलिस को बताया कि रात में वह आयुषी के साथ था। सुबह छह बजे वह अपनी दुकान पर चला गया। इसी बीच आयुषी ने उसे फोन कर बताया कि वह फांसी लगाने जा रही है। वह भागकर घर पहुंचा, जहां उसने उसे अपने कमरे में पंखे से लटकता पाया। जब तक वह उसे नीचे उतार पाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घरवालों का आरोप – प्रेमी ने की हत्या
हर्ष ने घटना की जानकारी पुलिस और आयुषी के परिजनों को दी। आयुषी की मां का कहना है कि उसके प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने बताया है कि तलाक के बाद वह झुमरी तिलैया के अड्डी बंगला रोड स्थित वृद्धाश्रम में कोऑर्डिनेटर का काम करती थी और झुमरी तिलैया में किराए के मकान में रहती थी।
सच की तलाश में पुलिस-
आयुषी का एक छह साल का बेटा है, जो अपने नाना-नानी के पास रहता है। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से जब हमने उससे दोबारा शादी की बात की तो वह राजी हो गई। इसके बाद हमने उसके लिए लड़का तलाशना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आयुषी ने खुद फांसी लगाई या फिर उसकी हत्या कर उसे लटकाया गया।

