नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने इतालवी नेता जियाकोमो फिलिबेक के सोशल मीडिया पर मौजूद उन वीडियो को हटाने का अनुरोध करने वाली याचिका खारिज कर दी, जिनमें कथित तौर पर उन्हें हैदराबाद में 13-14 नवंबर को आयोजित भारत सम्मेलन में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाते हुए दिखाया गया है।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने कुछ सोशल मीडिया मंचों को ये वीडियो हटाने का निर्देश देने के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। पीठ ने जब कहा कि वह याचिका खारिज कर रही है, तो याचिकाकर्त्ता के वकील ने अनुरोध किया कि अधिकारियों को इस याचिका को एक प्रतिवेदन के रूप में लेने का निर्देश दिया जाए।
इस पर पीठ ने कहा, ‘नहीं। आप प्रतिवेदन देने के लिए स्वतंत्र हैं। आपको कौन रोक रहा है।’ ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट’ (पीईएस) के महासचिव फिलिबेक ने अपने कथित नारे और मतदाता सूचियों को साफ-सुथरा एवं पारदर्शी बनाने के अभियान के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करके राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था।
फिलिबेक ने इस महीने की शुरुआत में विपक्ष की रामलीला मैदान तक निकाली गई रैली का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा उन नागरिकों को करनी चाहिए, जो इसके लिए आवाज उठाने को तैयार हैं।