Site icon Dainik Savera Times

2014 से पहले भी 6 बार हुई थी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ : सांसद प्रमोद तिवारी

Surgical strike : कांग्रेस सांसद शशि थरूर के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान को लेकर अब पार्टी में बयानबाजी तेज हो गई है। शशि थरूर के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भी छह बार सर्जिकल स्ट्राइक की गई है।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘2014 से पहले छह बार सर्जिकल स्ट्राइक हो चुकी हैं। पवन खेड़ा और जयराम रमेश जैसे नेता पहले ही तथ्य पेश कर चुके हैं। मुझे इस बात से दुख होता है कि भारतीय जनता पार्टी सब कुछ अपने लिए करने लगती है और वह अपने नेता नरेंद्र मोदी को किसी को छूने नहीं देना चाहती।‘

उन्होंने कहा, ‘भारतीय सेना द्वारा अपनी जान जोखिम में डालकर की गई पिछली छह सर्जिकल स्ट्राइक को नकारकर भाजपा उनकी बहादुरी और पराक्रम का अपमान कर रही है। मैं भाजपा पर आरोप लगाता हूं कि वह पीएम मोदी से पहले कोई सर्जिकल स्ट्राइक न होने का दावा करके भारतीय सेना का अपमान कर रही है और उनके साहस को कम आंक रही है। यह अपमान बंद होना चाहिए।‘

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘जब भी देश को जरूरत पड़ी है, कांग्रेस पार्टी ने आगे आकर काम किया है। 1942 में जब भारत औपनिवेशिक शासन के अधीन था, तब कांग्रेस ने ही अपने झंडे तले भारत छोड़ो आंदोलन का नेतृत्व करने का फैसला किया था। भारत छोड़ो आंदोलन कांग्रेस का फैसला था और इसका विरोध किसने किया? भाजपा के मात्र संगठन ने। उन्होंने उस समय अंग्रेजों का साथ देने के लिए कहा था और उनकी फौज में भर्ती होने के लिए कहा था।‘

उन्होंने कहा, ‘देश की आजादी का इतिहास उठाकर देख लीजिए, जब आतंकवाद से लड़ना हुआ तो इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी अपनी जान कुर्बान कर दी। मगर भाजपा ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि जब भी देश को बलिदान की जरूरत पड़ी है, तो कांग्रेस ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है, भाजपा की तरह कभी भागकर नहीं गई।‘

Exit mobile version