Site icon Dainik Savera Times

सूर्या चौहान हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद के घर नोटिस चस्पा, 15 दिन में अवैध कब्जा हटाने का अल्टीमेटम

Surya Murder Case

Surya Murder Case

नेशनल डेस्कः गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में प्रशासन ने सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के घर के बाहर उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस चस्पा किया है। अधिकारियों ने रविवार को ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे क्षेत्र में मुनादी कर 15 दिनों के भीतर कथित अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया। प्रशासन के अनुसार यह संपत्ति असद के पिता के नाम पर दर्ज है। हालांकि संपत्ति को बेचे जाने की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के रिकॉर्ड में यह अभी भी उसके पिता के नाम पर दर्ज बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें :-

ढोल बजाकर की गई मुनादी

नवनीत विहार में प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। असद के मकान पर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समयसीमा के भीतर अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया गया। साथ ही मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राज करन नैयर, डीसीपी धवल जायसवाल समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि खोड़ा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए तीन दिवसीय “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया जाएगा। इसके तहत संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच, तलाशी अभियान और अवैध संपत्तियों की पहचान की जाएगी। ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी निगरानी रखी जाएगी।

पीड़ित परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री

वहीं, इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक सूर्या चौहान के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को सुरक्षा और हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को धमकाने या प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

परिवार ने अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की

गौरतलब है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मृतक की मां और बहन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों का कहना है कि हत्या की साजिश में कई लोग शामिल थे, इसलिए सभी आरोपियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version