Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान के गंगानगर जिले में सीमावर्ती इलाके में मिला संदिग्ध ड्रोन: पुलिस 

May 15, 2025

राजस्थान के गंगानगर जिले में सीमावर्ती इलाके में मिला संदिग्ध ड्रोन: पुलिस 
जयपुर। गंगानगर जिले के अनूपगढ़ इलाके में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बृहस्पतिवार सुबह एक संदिग्ध ड्रोन मिला। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) मौके पर पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार सीमातर्वी गांव, गांव 12ए के एक खेत में सुबह करीब 9:45 बजे ग्रामीणों ने ड्रोन नुमा चीज देखी तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित किया। अनूपगढ़ के थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बीएसएफ को सूचना दी। संदिग्ध ड्रोन 5 से 7 फुट लंबा था जिसका कैमरा मॉड्यूल टूटा हुआ और अलग था।
जांगिड़ ने कहा, संदिग्ध ड्रोन को जब्त कर लिया गया है। इलाके की खोजबीन की जा रही है। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि ड्रोन को फोरेंसिक और तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा ताकि उसके बारे में पता लगाया जा सके।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रणनीतिक महत्व को देखते हुए वहां ड्रोन नुमा चीज मिलना गंभीर है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि ड्रोन सीमा पार से भेजा गया था या फिर यह किसी सैन्य गतिविधि के दौरान भटक गया। उन्होंने कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल पहले से ही अलर्ट हैं। सीमा के पास ऐसी वस्तु की मौजूदगी चिंता का विषय है। बीएसएफ के जवान और पुलिस इलाके में सतर्कता बरत रहे हैं और तकनीकी मूल्यांकन के बाद ही ड्रोन के बारे में और अधिक जानकारी मिल सकेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें