Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चेन्नई में तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का किया आत्मीय स्वागत

August 22, 2026

चेन्नई में तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का किया आत्मीय स्वागत

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तमिलनाडु भाजपा के कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चेन्नई पहुंचने पर जिस स्नेह, अपनत्व और गर्मजोशी के साथ तमिलनाडु भाजपा के साथियों तथा महिला मोर्चा की बहनों ने उनका स्वागत किया, वह उनके लिए विशेष और भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा के विशाल परिवार में कार्यकर्ताओं के बीच इसी प्रकार का आत्मीय संबंध संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व रखता है। इस पावन अवधि में मनाया जाने वाला वरलक्ष्मी व्रतम माता लक्ष्मी की आराधना और परिवार के सुख, स्वास्थ्य, मंगल एवं समृद्धि की कामना से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत, विशेषकर तमिलनाडु में वरलक्ष्मी व्रतम को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह पर्व महिलाओं के लिए विशेष आस्था का अवसर होता है, जब वे परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करती हैं।

रेखा गुप्ता ने चेन्नई में महिला मोर्चा की बहनों द्वारा उन्हें स्नेह का धागा बांधकर आशीर्वाद देने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बहनों का यह स्नेह केवल एक औपचारिक स्वागत नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें रिश्तों और आत्मीयता को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का अपनापन भाजपा संगठन को परिवार की भावना से जोड़ता है और कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देशभर में लाखों कार्यकर्ताओं और परिवारों को जोड़ने वाला व्यापक संगठन है।

अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के बावजूद पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच एकता और भाईचारे की भावना बनी हुई है। चेन्नई में मिले स्वागत को उन्होंने इसी व्यापक भाजपा परिवार की भावना का परिचायक बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वरलक्ष्मी व्रतम के पावन पर्व पर देश की सभी माताओं, बहनों और परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने माता लक्ष्मी से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि और मंगल का वास हो।

उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के लिए खुशियां लेकर आए और सभी के जीवन में नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने तमिलनाडु भाजपा के कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की बहनों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके स्नेह और सम्मान को वह सदैव याद रखेंगी। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य और परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें