नेशनल डेस्क: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय आज अपने पहले आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली जाएंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी राजधानी दिल्ली की पहली यात्रा है। इस दौरे को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही नजरियों से काफी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय इस दौरान पीएम मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में वह तमिलनाडु के लिए ज्यादा वित्तीय सहायता, नई विकास परियोजनाओं की मंजूरी और कई लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग रखेंगे।
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: ईद-उल-अजहा पर अमन और भाईचारे का संदेश, एलजी और सीएम ने दी शुभकामनाएं
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री बुधवार को दिल्ली पहुंचेंगे और जरूरी बैठकों के बाद उसी दिन चेन्नई लौट सकते हैं। इस दौरान वह केंद्र सरकार को राज्य से जुड़ी कई अहम मांगों का ज्ञापन भी सौंपेंगे। माना जा रहा है कि विजय केंद्र से तमिलनाडु में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क और परिवहन परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश, कल्याणकारी योजनाओं और कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए सहयोग मांग सकते हैं। राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को बड़ा फायदा मिल सकता है।
यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय और उनकी पार्टी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सभी को चौंका दिया। हालांकि पार्टी बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से पीछे रह गई थी। इसके बाद राज्य में तेजी से राजनीतिक हलचल शुरू हो गई। बाद में कांग्रेस, वाम दलों, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और विदुथलाई चिरुथिगल काची समेत कई दलों ने विजय को समर्थन दिया। इन दलों के सहयोग से उन्होंने बहुमत हासिल कर राज्य में गठबंधन सरकार बनाई।
ये भी पढ़ें: IPL 2026 Orange Cap: ऑरेंज कैप की रेस में कोहली की किंग स्टाइल एंट्री, बढ़ा रोमांच
तमिलनाडु में कई दशकों बाद गठबंधन सरकार बनने से राज्य की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। लंबे समय से यहां राजनीति मुख्य रूप से डीएमके और एआईएडीएमके के इर्द-गिर्द रही है। ऐसे में विजय का उभार राज्य की राजनीति में बड़े परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।

