नेशनल डेस्क : आप भी सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं और आप सरकारी या बैंक की नौकरी के लिए आवेदन करने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। अब सिर्फ परीक्षा पास करना ही काफी नहीं, बल्कि आपका क्रेडिट या सिबिल स्कोर भी अच्छा होना चाहिए। ऐसा न होने पर आपको अपॉइंटमेंट लेटर मिलने के बाद भी नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
खराब सिबिल स्कोर के कारण रद्द हुई नौकरी
आपको बता दें कि तमिलनाडु के पी. कार्तिकेयन नामक युवक के साथ ऐसा ही हुआ। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा निकाली गई सर्कल बेस्ड ऑफिसर (CBO) की भर्ती के लिए आवेदन किया था। सभी परीक्षाएं पास करने के बाद 12 मार्च 2021 को उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर मिल गया, लेकिन सिर्फ एक महीने बाद 9 अप्रैल को उनकी नियुक्ति रद्द कर दी गई। एसबीआई का कहना था कि कार्तिकेयन की सिबिल रिपोर्ट में वित्तीय अनुशासन से जुड़ी गंभीर खामियां पाई गईं, इस वजह से उनकी नियुक्ति रद्द करना पड़ा।
कार्तिकेयन की आपत्ति और कोर्ट में याचिका
अपनी नियुक्ति रद्द किए जाने पर कार्तिकेयन ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की। उन्होंने दलील दी कि जब उन्होंने नौकरी के लिए आवेदन किया था, तब तक उन पर कोई लोन बकाया नहीं था और उन्होंने सभी भुगतान समय पर कर दिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी क्रेडिट एजेंसी ने उन्हें डिफॉल्टर घोषित नहीं किया था, इसलिए उनका अपॉइंटमेंट रद्द करना अन्यायपूर्ण है।
SBI का पक्ष, नियम पहले से तय थे
एसबीआई ने कोर्ट में बताया कि उनके द्वारा जारी किए गए भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट रूप से यह शर्त दी गई थी कि यदि किसी आवेदक के क्रेडिट स्कोर में खराबी या किसी भी तरह की चूक हो, तो वे नौकरी के लिए योग्य नहीं माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह बात पहले से ही नोटिफिकेशन में दी गई थी और कार्तिकेयन ने इन्हीं शर्तों के आधार पर आवेदन किया था।
नियम मानने होंगे, सिर्फ लोन चुकाना काफी नहीं
मद्रास हाई कोर्ट की जस्टिस एन. माला ने इस याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा कि सिर्फ लोन चुका देना ही काफी नहीं है, बल्कि यह भी जरूरी है कि पूरे लोन अवधि में व्यक्ति का वित्तीय रिकॉर्ड साफ और अनुशासित हो। कोर्ट ने कहा कि जब कोई व्यक्ति किसी नौकरी के लिए विज्ञापन की शर्तों के आधार पर आवेदन करता है, तो बाद में वह उन शर्तों को चुनौती नहीं दे सकता। इसलिए कोर्ट ने एसबीआई के फैसले को सही माना और कार्तिकेयन की याचिका खारिज कर दी।
नौकरी के लिए जरूरी है अच्छा सिबिल स्कोर
यह मामला एक बड़ा संदेश देता है कि अब सरकारी और बैंक नौकरियों में सिबिल स्कोर या क्रेडिट हिस्ट्री भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनता जा रहा है। इससे साफ है कि अगर आप भविष्य में ऐसी नौकरी पाना चाहते हैं तो अभी से अपने वित्तीय व्यवहार को सुधारें, क्रेडिट कार्ड और लोन की समय पर भुगतान करें, ताकि आपकी सिबिल रिपोर्ट साफ बनी रहे।