Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

सनातन धर्म से छेड़छाड़ मतलब मानवता से खिलवाड़: CM Yogi

January 30, 2023

सनातन धर्म से छेड़छाड़ मतलब मानवता से खिलवाड़: CM Yogi

जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म सनातन के साथ छेड़छाड़ करने का मतलब मानवता के साथ खिलवाड़ करना है। अखिल भारतीय हिंदू गोर, बंजारा एवं लबाना समुदाय के कुंभ के समापन समारोह को संबोधित करते हुये श्री योगी ने यहां कहा, ‘‘हम सभी को सनातन धर्म पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म, दुनिया में मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। सनातन धर्म के साथ छेड़छाड़ करने का मतलब मानवता के साथ खिलवाड़ करना है। जो लोग अवैध धर्मांतरण के माध्यम से राष्ट्रान्तरण की कुत्सित मंशा के साथ भारत के अंदर कार्य करना चाहते हैं, उनकी मंशा कभी सफल नहीं होने वाली है।’’

कुंभ सम्मेलन में आए पचास हजार लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो सभी प्रकार की कामनाओं और सिद्धियों की पूर्ति कर दे, वही कुंभ का भाव है। बंजारा कुंभ ने ये साबित कर दिया है कि वो भारत माता की रक्षा करने, उसके पूज्य संतों, ऋषियों, महापुरुषों और क्रांतिवीरों के संकल्प को अब धर्मजागरण के माध्यम से सिद्धि की पराकाष्ठा तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने विश्व को मानवता की राह दिखाने वाले भारत में जन्म लिया है। इसके अलावा दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म जो दुनिया में मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है, उसमें जन्म लेने का सौभाग्य हम सबको प्राप्त हुआ है। सनातन धर्म का मतलब है मानव धर्म। वसुधैव कुटुंम्बक का उद्घोष हमारा सनातन धर्म ही कर सकता है।’’

उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध धर्मांतरण के माध्यम से राष्ट्रान्तरण की कुत्सित मंशा के साथ भारत के अंदर कार्य करना चाहते हैं, उनकी मंशा कभी सफल नहीं होने वाली है। अब जागृत समाज उठ खड़ा हुआ है। देश आज अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। भारत नित नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज एक नया भारत आकार ले रहा है। जिस तेजी के साथ और सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए भारत सरकार कार्य कर रही है, अगले कुछ वर्षों के अंदर हमारा देश दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर भारतवासी को पंच प्रण की याद दिलाते हुए कहा था कि देश के अंदर से गुलामी के अंश को सदैव के लिए समाप्त करना होगा। आपने देखा होगा कि राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डेन का नाम अब अमृत उद्यान हो गया है। अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करके भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। अगले वर्ष रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें