Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में 100 अटल कैंटीनों का लक्ष्य पूरा, मात्र 5 रूपये में मिलेगा भोजन : रविन्द्र इन्द्राज सिंह

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने जरूरतमंद नागरिकों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में 100 अटल कैंटीनों का लक्ष्य पूरा कर लिया है। इन कैंटीनों में गरीबों, श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मात्र पांच रुपये में स्वच्छ, पौष्टिक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। समाज कल्याण मंत्री एवं बवाना विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने रोहिणी सेक्टर-26 में अटल कैंटीन का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि अटल कैंटीन योजना का उद्देश्य गरीब, प्रवासी मजदूर, रेहड़ी-पटरी वाले, निर्माण श्रमिक, रिक्शा चालक, छात्र और अन्य जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराना है।

कैंटीनों में दाल, चावल, रोटी और सब्जी जैसे संतुलित भोजन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ पारदर्शिता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए डिजिटल टोकन, कंप्यूटराइज्ड बिलिंग और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने जनकल्याणकारी संकल्पों को धरातल पर उतार रही है। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने मंत्री को उनके विकास कार्यों से जुड़ा फोटो-कोलाज भेंट कर सम्मानित किया।

Exit mobile version