Site icon Dainik Savera Times

ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी गड़बड़ी का भारत में भी असर, Air India की 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द

technical-glitch-in-uk-air-traffic-control-has-impact-on-india-as-well

technical-glitch-in-uk-air-traffic-control-has-impact-on-india-as-well

नई दिल्ली: एयर इंडिया ने बुधवार को कहा कि ब्रिटेन की एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा प्रदाता एनएटीएस में आई तकनीकी खराबी के कारण उसके उड़ान संचालन पर असर पड़ा है। इस समस्या ने पूरे यूनाइटेड किंगडम के कई हवाई अड्डों पर सेवाओं को प्रभावित किया।

एयरलाइन का बयान 

एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर जारी एक बयान में कहा कि इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से उसे ब्रिटेन के हवाई अड्डों से आने-जाने वाली कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा, उन्हें देर से संचालित करना पड़ा या रद्द करना पड़ा। एयर इंडिया ने चेतावनी दी कि इसका असर उसकी कुछ अन्य उड़ानों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि इस व्यवधान के चलते विमान और चालक दल (क्रू) तय स्थानों पर समय पर नहीं पहुंच पाए हैं।

एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। ‘एक्‍स’ पर जारी ट्रैवल एडवाइजरी में एयर इंडिया ने कहा, “हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और व्यवधान को जितना संभव हो सके, उतना कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।”

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, इस तकनीकी खराबी के कारण ब्रिटेन भर में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे प्रमुख हवाई अड्डों पर आने और जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल का संचालन करने वाली एनएटीएस ने बताया कि यह समस्या उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई।

हमारे सिस्टम की समस्या अब ठीक हो चुकी- एनएटीएस 

इसका असर लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट, एडिनबर्ग एयरपोर्ट और मैनचेस्टर एयरपोर्ट समेत कई बड़े हवाई अड्डों पर पड़ा। बाद में एनएटीएस ने कहा कि उसने समस्या को ठीक करने के लिए तकनीकी समाधान लागू कर दिया है और सिस्टम अब सामान्य रूप से काम कर रहा है। हालांकि, उसने यह भी कहा कि प्रभावित उड़ानों का बैकलॉग साफ करने और पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल करने में कुछ समय लगेगा।

एनएटीएस ने कहा, “हमारे सिस्टम की समस्या अब ठीक हो चुकी है। हम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और लंबित उड़ानों को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।” हीथ्रो एयरपोर्ट ने कहा कि वह एनएटीएस के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि यात्रियों और उड़ान कार्यक्रमों पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके। इस व्यवधान का असर केवल ब्रिटेन तक सीमित नहीं रहा। ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच उड़ानें भी प्रभावित हुईं। डबलिन एयरपोर्ट ने यात्रियों को चेतावनी दी कि ब्रिटेन से आने-जाने वाली सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

Exit mobile version