
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव महागठबंधन की ओर से सीएम उम्मीदवार घोषित हो गए हैं। कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक गहलोत ने पटना में हुई साझा प्रैस कांफ्रैंस में यह बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हम लोकप्रिय एवं युवा नेता तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित करते हैं। इसके अलावा पिछड़े समाज से आने वाले मुकेश सहनी को हम डिप्टी सीएम का चेहरा तय करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर कुछ और पिछड़े वर्ग के नेता डिप्टी सीएम बनेंगे। इस तरह महागठबंधन में चली आ रही लंबी खींचतान समाप्त करने की कोशिश हुई है। अशोक गहलोत ने यह बड़ा ऐलान करते हुए एनडीए से भी अहम सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि हमने तो अपने नेता तय कर दिया है। अब एनडीए भी बताए कि उनका नेता कौन है। उन्होंने कहा कि अमित शाह यह तो कह रहे हैं कि हमारा संसदीय दल तय करेगा कि सीएम कौन होगा। इसका मतलब कि संशय है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे ही करती है।
महाराष्ट्र में भी इन्होंने कहा था कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। इससे संदेश गया कि शिंदे ही सीएम होंगे, लेकिन चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा ने अपना सीएम बना लिया।
तेजस्वी यादव ने भी अपने संबोधन में कहा कि अब भाजपा वाले बताएं कि उनका सीएम फेस कौन है। उन्होंने कहा कि ये लोग नीतीश कुमार के साथ अन्याय कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में हालात ऐसे हैं कि पटना में बड़े-बड़े उद्योगपतियों को गोली मार दी जाती है। सीएम आवास के बाहर गोलियां चलती हैं और कुछ नहीं होता।
मेष: दिन शुभ रहेगा...