Site icon Dainik Savera Times

Telangana: कोयला खदान के मजदूरों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी, बोले- हर समस्या की जड़ निजीकरण

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को तेलंगाना में सिंगरेनी के एक कोयला खदान में काम करने वाले मजदूरों से मुलाकात की। राहुल ने मजदूरों से मुलाकात का वीडियो भी शेयर किया और कहा कि मजदूरों की तकलीफ की जड़ खदानों का निजीकरण है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अडाणी टैक्स’ लगा रखा है।

 

राहुल गांधी ने खदान मजदूरों से मुलाकात का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिनों पहले सिंगरेनी के कोयला खदानों के मज़दूरों और कर्मचारियों से मिलने और बात करने का मौका मिला। उनकी परेशानियां सुनी और सुनकर पता चला कि हर तकलीफ की जड़ खदानों का निजीकरण है।’’ कांग्रेस नेता का कहना है, ‘‘यह निजीकरण श्रम कानूनों के साथ खिलवाड़ है और श्रमिकों को बंधुआ मज़दूरी में धकेलने का ज़रिया है। इसका फायदा कुछ पूंजीपतियों को मिलेगा और नतीजा वही होगा, जो मैं काफी समय से कहता आ रहा हूं- अमीर और अमीर होता जाएगा एवं गरीब और भी गरीब।’’

 

राहुल गांधी ने इस वीडियो को X पर शेयर करते हुए लिखा कि सिंगरेनी कोयला खदान के मज़दूरों से मिलकर पता चला, उनका शोषण बड़ी साज़शि का हिस्सा है। भारतीय खदानों का निजीकरण, विदेश से महंगा कोयला लाना, फिर बिजली का बिल बढ़ाकर जनता की जेब काटना…प्रधानमंत्री ने देश को दीमक की तरह खोखला करने वाला एक ‘गुप्त कर’ ‘अडाणी टैक्स’ लगा रखा है।

Exit mobile version