Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

 बड़ा हादसा : मछुआरों को बचाने गई SDRF की दो नावें पलटीं, 10 कांस्टेबल लापता

November 5, 2026

 बड़ा हादसा : मछुआरों को बचाने गई SDRF की दो नावें पलटीं, 10 कांस्टेबल लापता

नेशनल डेस्कः तेलंगाना के खम्मम जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाने के लिए पहुंची राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की दो नावें अचानक पलट गईं। इस हादसे के बाद SDRF के 10 कांस्टेबल लापता हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लापता जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मछुआरों को बचाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा खम्मम जिले के सथुपल्ली मंडल में स्थित बेथुपल्ली झील में हुआ। बताया जा रहा है कि झील में पांच मछुआरों को बचाने के लिए SDRF की टीम पहुंची थी। इसी दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन में इस्तेमाल की जा रही दो नावें अचानक पलट गईं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, झील में तेज हवा चलने और पानी का बहाव तेज होने के कारण नावों का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों नावें पानी में पलट गईं। इस हादसे के बाद SDRF के 10 कांस्टेबल लापता हो गए।

लापता जवानों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल और डीप-सी डाइवर्स मौके पर पहुंच गए। झील में लापता हुए सभी 10 कांस्टेबलों की तलाश की जा रही है। बचावकर्मी पानी में उतरकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

वहीं, हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं और जवानों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने लिया हादसे का संज्ञान
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी इस हादसे पर चिंता जताई है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खम्मम जिले के कलेक्टर को निर्देश दिया है कि लापता SDRF जवानों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव (Chief Secretary) को भी समय-समय पर पूरे मामले की समीक्षा करने और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी लेते रहने को कहा है।

 

इससे पहले रंगारेड्डी में भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में भी एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। यहां डांडिया कार्यक्रम के लिए लाइटिंग लगाने के उद्देश्य से बनाया गया आर्च अचानक गिर गया था। इस घटना में एक छात्रा की मौत हो गई थी, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें