Site icon Dainik Savera Times

हैदराबाद में सुबह की सैर पर निकले CPI नेता की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप

6799e8253f814-bijnor-youth-shot-dead-symbolic-photo-173617151-16x9
हैदराबाद। तेलंगाना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के एक नेता की मंगलवार को यहां मलकपेट में सुबह की सैर के दौरान अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि के. चंदू नाइक की हत्या की वजह जमीन विवाद से जुड़ी पुरानी रंजिश लग रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की राज्य परिषद के सदस्य के. चंदू नाइक (47) सुबह की सैर पर निकले थे, तभी एक पार्क के पास कार सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं, जिससे भाकपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से तीन कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व क्षेत्र) एस चैतन्य कुमार ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए संवाददाताओं को बताया कि इस वारदात को कम से कम तीन-चार लोगों ने अंजाम दिया। कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से इस्तेमाल किए हुए तीन कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस खंगाल रही है CCTV फुटेज 
पुलिस उपायुक्त ने संवाददाताओं से कहा कि कारतूसों की बरामदगी के आधार पर ऐसा लगता है कि गोलीबारी में केवल एक ही हथियार का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वे संदिग्धों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। अधिकारी ने आगे बताया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है। पुलिस ने कहा, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह हत्या जमीन के विवाद को लेकर की गई है। कुमार का कुछ लोगों से विवाद था।
आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमें गठित
पुलिस ने बताया कि तीन लोगों को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया गया हैं। वह उनके बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि हत्या की जांच और आरोपियों को पकड़ने के लिए दस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कहा कि मृतक चंदू नाइक 2022 में एलबी नगर थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में आरोपी था। उसने बताया कि नाइक ने अपनी जान को खतरे की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
Exit mobile version