शिमला: हिमाचल प्रदेश में मैदानी और निचले क्षेत्रों की रातें शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई है। प्रदेश के लाहौल-स्पीति में ताबो, समधो, कुकुमसेरी (Kukumseri) और केलांग में तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जिससे ऊपरी पर्वतीय इलाकों में सर्दी तेजी से बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश का न्यूनतम औसत तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम चल रहा है, जो दर्शाता है कि हिमाचल में ठंड का असर सामान्य से अधिक है। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी जैसे जिले रात में राजधानी शिमला से अधिक ठंड झेल रहे हैं। आज शिमला का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री रहा, जबकि ऊना में 8.0 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री और कांगड़ा में 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों की इन ठंडी रातों ने लोगों को स्वेटर और जैकेट निकालने पर मजबूर कर दिया है।
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सबसे अधिक ठंड महसूस की गई, जहां केलांग का आज का तापमान माइनस 2.5 डिग्री, कुकुमसेरी माइनस 4.7 डिग्री, ताबो माइनस 2.2 डिग्री और समधो माइनस 0.8 डिग्री दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की ठंड से लेकर तीखी सर्द हवाएं चल रही हैं, हालांकि अभी तक कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है। मनाली में आज का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। पर्यटन नगरी में सुबह और शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है। कुल्लू और मनाली आने वाले पर्यटकों को सुबह की सैर के दौरान जैकेट, दस्ताने और टोपी पहनने की सलाह दी जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट जारी है।
सुंदरनगर में आज 4.7 डिग्री, भुंतर में 3.1 डिग्री, सोलन में 3.2 डिग्री, पालमपुर में 5.0 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 7.3 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 7.8 डिग्री, सराहन में 5.0 डिग्री, नारकंडा में 4.9 डिग्री, शिमला के पास मशोबरा में तापमान उपलब्ध नहीं रहा, जबकि रिकांगपिओ में 4.6 डिग्री, भरमौर में 6.9 डिग्री, कसौली में 10.0 डिग्री, पांवटा साहिब में 11.0 डिग्री, नेरी में 11.4 डिग्री, बाजौरा में 4.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। नवंबर महीने में राज्य में बारिश सामान्य से 83 फीसदी कम हुई है। यह साफ संकेत है कि फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कई दिन भी ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 22 नवंबर तक हिमाचल में कहीं भी बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इससे तापमान और गिरने की आशंका जताई जा रही है।

