लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU में छात्रा से रेप की अफवाह के बाद शुरू हुआ बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शनिवार से छात्र इस मामले में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी है।

कैंपस में माहौल को देखते हुए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोटिस जारी कर 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाओं को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और छात्रों की ओर से उठाई जा रही चिंताओं को भी समझने की कोशिश की जा रही है। SSP ने यह भी कहा कि कुछ गलतफहमियों को दूर करना जरूरी है, ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके।
छात्र विंग के डीन सौरभ लखनपाल ने इस मामले पर कहा कि वे हर तरह से जांच के लिए तैयार हैं। छात्र प्रतिनिधियों को भी वे जांच में शामिल करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि वे छात्रों को CCTV फुटेज दिखाने और पूरी जांच में शामिल कराने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि अफवाह को लेकर जांच की जाएगी।