Site icon Dainik Savera Times

ठाणो एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, 2.60 करोड़ से ज्यादा की ड्रग्स जब्त

ठाणो: महाराष्ट्र के ठाणो की नारकोटिक्स सेल ने ड्रग्स को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की है। तीन अलग-अलग जगहों पर की गई छापेमारी में नारकोटिक्स सेल ने तकरीबन 2.60 करोड़ रुपये से ज्यादा की ड्रग्स जब्त की है। जब्त ड्रग्स में एमडी और गांजे की बड़ी मात्र शामिल है।

पहली कार्रवाई ठाणो शहर के शील डायघर इलाके में स्थित चेतन अपार्टमेंट के रूम नंबर 202 में छापेमारी कर की गई। पुलिस ने 1.109 ग्राम एमडी ड्रग बरामद किया, जिसकी मार्केट वैल्यू दो करोड़ 25 लाख 45 हजार रुपये के करीब बताई गई है। इस मामले में वारदात की जगह से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके नाम इलियास कुशहाल खान (19), अमान कमाल खान (21) और सैफ अली खान हैं। बताया जा रहा है कि सैफ उनका मुखिया था।

दूसरी कार्रवाई ठाणो जिले के अंबरनाथ शहर में नेवाली नाके पर की गई। यहां की गई छापेमारी में 45 किलो के करीब गांजा जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 22 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में भी दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनके नाम मंगल उत्तम पवार (25) और अमर सुभाष पवार (36) हैं।

तीसरी कार्रवाई के तहत उल्हासनगर नंबर 3 में छापेमारी के दौरान 58 ग्राम के करीब एमडी ड्रग्स बरामद किया गया, जिसकी कीमत 12 लाख रुपये के करीब बताई जा रही है। इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके नाम आरिफ मोहम्मद शरीफ खान (21) और सफीकुर रहमान सिराज अहमद खान (22) हैं।

पुख्ता जानकारी के आधार पर तीनों अलग-अलग छापेमारी 10 फरवरी, 11 फरवरी और 12 फरवरी को की गई। जब्त ड्रग्स की कुल कीमत 2.60 करोड़ के आसपास बताई गई है।

बहरहाल, ठाणो शहर के एंटी नारकोटिक्स सेल की ओर से की गई कार्रवाई में गिरफ्त में आए सभी सात आरोपियों पर एनडीपीएस की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: बटाला में CM भगवंत मान ने दी करोड़ों की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Exit mobile version