Site icon Dainik Savera Times

थरूर का वित्त मंत्री पर तंज: लगता है गेंद खेलने से चूक गई और स्टंप हो गईं

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बजट को निराशाजनक करार दिया और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर क्रिकेट शब्दावली का इस्तेमाल करते कटाक्ष किया कि वह गेंद खेलने से चूक गईं और स्टंप हो गईं। कांग्रेस सासंद थरूर ने कहा कि सीतारमण के बजट भाषण में विशेष बातें कम थीं और इसमें समग्र दृष्टिकोण का पूरी तरह अभाव था। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर ने कहा कि इस बजट में खुश होने लायक कुछ भी नहीं है।

थरूर ने जोर दिया कि सबसे बड़ा अनुत्तरित प्रश्न अब भी रोजगार का है और बजट भाषण में इस बात का कोई संकेत नहीं था कि रोजगार कैसे पैदा किया जाएगा। जब थरूर से पूछा गया कि क्या वित्त मंत्री ने शानदार शॉट लगाया है या पूरी तरह से चूक गईं और स्टंप हो गईं, तो उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि वह स्टंप हुई हैं या नहीं, लेकिन ऐसा लगता है कि वह गेंद चूक गई हैं। एक-दो जगहों पर बल्ले का किनारा लगा हो सकता है, लेकिन मुझे अभी तक यह पक्का नहीं लग रहा है कि बल्ले के बीच से कोई शॉट लगा हो।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, बड़े मुद्दों पर, हमें बजट में मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के लिए कुछ भी सुनने को नहीं मिला। राज्यों के लिए भी कुछ नहीं था। वास्तव में, राजकोषीय विकेंद्रीकरण 41% पर अपरिर्वितत है, और कई राज्यों ने शिकायत की है कि उनके पास अपने नागरिकों के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन नहीं है।

Exit mobile version