नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद एक साल के भीतर ही पूर्वांचल के लोगों को मूनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट की सौगात मिली है। उन्होंने इसे पूर्वांचल की आस्था का सम्मान और जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस भव्य छठ घाट और सिंगलपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य को दिल्ली की जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद, कैबिनेट मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का स्वरूप बदलना सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। पिछली सरकारों के कार्यकाल में जिस नहर को गंदगी के डंपिंग ग्राउंड के रूप में छोड़ दिया गया था, आज वहां छठी मैया के जयकारे गूंजने के लिए भव्य घाट तैयार किया गया है।
इसके निर्माण के लिए साल भर दिन-रात मेहनत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल नहर के कायाकल्प तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के लाखों लोगों की धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी है। छठ पर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली परिवारों के लिए विशेष महत्व रखता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प राजधानी में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ सभी वर्गों की आस्था और परंपराओं का सम्मान करना है। मुनक नहर पर विकसित छठ घाट इसी सोच का उदाहरण है। यह परियोजना ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प को आगे बढ़ाती है।

