Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरात की हरणी झील में पिकनिक मनाने गए स्कूली छात्रों की नाव पलटी, 12 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत

January 19, 2024

गुजरात की हरणी झील में पिकनिक मनाने गए स्कूली छात्रों की नाव पलटी, 12 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत

अहमदाबाद: गुजरात के वडोदरा स्थित हरणी झील में पिकनिक मनाने गए स्कूली छात्रों से भरी नाव पलट गई, जिससे 12 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। तीन छात्र अभी भी लापता हैं। नाव में क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाया गया था। इसके साथ ही उन्हें लाइफ सेविंग जैकेट भी नहीं पहनाई गई थी। हादसे का शिकार हुए सभी बच्चे वडोदरा के न्यू सनराइज स्कूल के हैं। वे सेल्फी लेने के लिए नाव में एक तरफ आ गए थे, जिसकी वजह से नाव पलट गई। इनमें से किसी भी बच्चे या टीचर ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। इसी वजह से जब नाव पलटी तो सभी पानी में डूबने लगे।

उधर, नाव हादसे को लेकर हरणी पुलिस स्टेशन में पांच आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 308 और 337 के तहत शिकायत दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी समेत कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने घटना स्थल का दौरा किया और अधिकारियों को आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है।

इस झील में नाव चलाने का ठेका वडोदरा महानगरपालिका ने परेश शाह नामक व्यक्ति को दिया था। परेश ने अपनी तरफ से नाव चलाने का कांट्रैक्ट नीलेश जैन को दिया था। नीलेश ने किसी तीसरे व्यक्ति को यह काम सौंप रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि दो नाव में सवार होकर छात्र झील में गए थे। कहा गया है कि गुजराती मीडियम के बच्चों की बोट किनारे पर लौट आई, जबकि अंग्रेजी माध्यम के बच्चों की नाव पलट गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से हुई मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। पीएमओ ने कहा कि मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें