Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

500 वर्षों के इंतजार के बाद एक और दीवाली मनाने के लिये देश तैयार

January 22, 2024

500 वर्षों के इंतजार के बाद एक और दीवाली मनाने के लिये देश तैयार

अयोध्या: लगभग 500 वर्ष के इंतजार के बाद अयोध्या में सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि पर नवनिर्मित भव्य मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के विराजमान का साक्षी बनने को देश दुनिया के करोड़ों रामभक्त तैयार हैं और इस प्रसन्नता को व्यक्त करने के लिये उन्होने अपने घरों,चौबाराें को रोशन करने के विशेष इंतजाम किये हैं। कल्पना करें तो यह कुछ ऐसा ही अवसर होगा जिसका वर्णन रामचरितमानस जैसे धार्मिक ग्रंथों में किया गया है जब त्रेता युग में भगवान राम अपना अर्धागिंनी मां जानकी और भ्राता लक्ष्मण के साथ 14 वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद अयोध्या वापस लौटे थे और अयोध्यावासियों ने उनके आने की खुशी में घी के दीपक जलाये थे।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर अयोध्या समेत पूरे देश में उत्सव का माहौल है। लोगों ने अपने घर,मंदिर को रामनामी झंडों और बिजली की झालरों से सजाया है वहीं 22 जनवरी की शाम घी के दीपक जलाने की पूरी तैयारी कर रखी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान सोमवार दोपहर संपन्न होगा। इस अवसर पर पूरी अयोध्या नगरी को हजारों क्विंटल फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है।

अवधपुरी में उत्सव सा माहौल है। सूर्यवंश की राजधानी अयोध्या धाम समेत पूरे देश के मंदिरों में राम संकीर्तन और राम चरित मानस का पाठ हो रहा है। फूलों से सजी अयोध्या जी में जन्मभूमि पथ से लेकर राम पथ, भक्ति पथ और धर्म पथ की अलौकिक आभा देखते ही बन रही है। सांस्कृतिक नृत्य और वादन के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर प्रदेश के साथ-साथ देश भर की परंपराओं और कला का समागम हो रहा है। हर तरफ भगवान राम के भजन सुनने को मिल रहे हैं। सोमवार शाम को भव्य दीपोत्सव की तैयारी है। ऐसा लग रहा है मानों रघुनंदन के अभिनंदन के लिए पूरा स्वर्ग ही धरती पर उतर आया है। जनवरी में ही दीपावली का अहसान हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें