Site icon Dainik Savera Times

देश अभी अहमदाबाद विमान हादसे के दर्द से उबरा भी नहीं, वहीं एयर इंडिया के अधिकारी कर रहे DJ पार्टी, लोगों में आक्रोश

Ahmedabad plane crash: जहां एक ओर देश अब भी अहमदाबाद विमान हादसे के दर्द से उबर नहीं पाया है, वहीं एयर इंडिया एसएटीएस (Air India) के शीर्ष अधिकारियों का डीजे पार्टी में थिरकते हुए एक वीडियो सामने आने से आम लोगों और पीड़ित परिवारों में आक्रोश फैल गया है।

अहमदाबाद से 12 जून को लंदन जा रही फ्लाइट एआई-171 टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में 241 यात्रियों सहित कई लोगों की मौत हो गई थी।

हादसे के बाद जहां देशभर में शोक की लहर है, वहीं 20 जून को गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया एसएटीएस कार्यालय में आयोजित एक डीजे पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

इस पार्टी में एयर इंडिया एसएटीएस के सीओओ अब्राहम जकारिया, सीएफओ और बेंगलुरु एयरपोर्ट लिमिटेड के जीएम सम्प्रीत कोटियन जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

हादसे के कुछ दिनों बाद ही यह जश्न मनाना न केवल असंवेदनशील माना जा रहा है, बल्कि इससे लोगों में यह संदेश गया है कि कंपनी अपने कर्तव्यों और पीड़ित परिवारों की भावनाओं के प्रति पूर्णत: उदासीन है।

एयर इंडिया एसएटीएस वही कंपनी है जो हादसे का शिकार हुए 787 ड्रीमलाइनर की ग्राउंड हैंडलिंग और उसके लोड शीट के लिए जिम्मेदार थी। अब इस डीजे पार्टी की खबर ने कंपनी को दोहरे विवादों में ला खड़ा किया है। एक ओर संचालन से जुड़ी जिम्मेदारी और दूसरी ओर व्यवहार में गंभीर असंवेदनशीलता।

एयर इंडिया एसएटीएस ने अपने बचाव में बयान जारी करते हुए कहा, हम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से अवगत हैं। यदि इससे किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हम इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।

अब भी गुजरात सरकार, एनडीआरएफ और फॉरेंसिक टीमें लगातार काम कर रही हैं, ताकि सभी शवों की पहचान की जा सके और उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जा सके। अब तक 251 शवों का डीएनए सैंपल मिल चुके हैं। इसमें विमान में सवार यात्रियों के अलावा विमान की चपेट में आकर जान गंवाने वाले बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रों के शव भी शामिल हैं जिनकी इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी।

Exit mobile version