Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब राज्यों, जिलों और गांवों का विकास होगा: प्रधानमंत्री

October 3, 2023

विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब राज्यों, जिलों और गांवों का विकास होगा: प्रधानमंत्री

जगदलपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब राज्यों, जिलों और गांवों का विकास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र ने 2014 से पहले दिए गए बजट की तुलना में पिछले नौ वर्षों में छत्तीसगढ़ में रेलवे परियोजनाओं के लिए बजटीय आवंटन में 20 गुना वृद्धि की है। प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इससे पहले उन्होंने नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के इस्पात संयंत्र सहित 26,000 करोड़ रुपये की कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण किया और कुछ की आधारशिला रखी। यह संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश के राज्य, जिले और गांव विकसित होंगे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के बस्तर जिले के नगरनार में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड इस्पात संयंत्र से बस्तर और आसपास के क्षेत्रों के 50,000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और साथ ही इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी लाकर यह संयंत्र बस्तर को दुनिया के इस्पात मानचित्र में दर्ज कर देगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने ताड़ोकी (कांकेर जिला)-रायपुर डेमू ट्रेन सेवा को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें