
बेतिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार का नाम लिए बगैर उन्हें बिहार के युवाओं का सबसे बड़ा गुनहगार बताया और कहा कि राज्य में जंगलराज के जिम्मेदार इस परिवार ने बिहार के लाखों नौजवानों से उनका भाग्य छीन लिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बुधवार को यहां से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए लगभग 12 हजार 800 करोड़ की सड़क, गैस और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास के बाद हवाई अड्डा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद के दशकों में बिहार से युवाओं का पलायन बहुत बड़ी चुनौती रही है।
जब यहां जंगलराज आया तब यह पलायन और बढ़ गया । उन्होंने श्री लालू प्रसाद यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वाला परिवार राज्य के युवाओं का सबसे बड़ा गुनहगार है । जंगलराज के जिम्मेदार परिवार ने बिहार के लाखों नौजवानों से उनका भाग्य छीन लिया। मोदी ने कहा,” जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने परिवार की चिंता की…बिहार के नौजवान रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में जाते रहे और यहां एक ही परिवार फलता-फूलता रहा,किस तरह एक-एक नौकरी के बदले जमीनों पर कब्जा किया गया । ऐसे लोगों को माफ कर सकते हैं क्या ।” उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार है जो इस जंगलराज से बिहार को बचाकर इतना आगे लाई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार का प्रयास है कि बिहार के युवा को यहीं बिहार में नौकरी मिले, रोजगार मिले। आज जिन हजारों करोड़ रुपयों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, उसके मूल में भी यही भावना है। एक तरफ नया भारत बन रहा है वहीं दूसरी तरफ राजद, कांग्रेस और इनका इंडी गठबंधन, अभी भी 20 वीं सदी की दुनिया में जी रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...