Site icon Dainik Savera Times

देश को अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने पर रहेगा जोर: Rajnath Singh

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि अगले पांच वर्षों के दौरान देश को अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। श्री सिंह ने लगातार दूसरी बार रक्षा मंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने के बाद कहा कि अगले पांच वर्षों के दौरान अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र की स्थापना के लिए नए सिरे से प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा,“प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हमारा उद्देश्य रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ साथ देश के सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करना होगा। सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और सेवारत तथा सेवानिवृत्त दोनों सैनिकों का कल्याण हमारा मुख्य फोकस रहेगा।’ रक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में रक्षा निर्यात को बढ़ाना उनका उद्देश्य होगा। उन्होंने कहा,“वित्तीय वर्ष 2023-24 में रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 21,083 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। यह ऐतिहासिक था ।

हमारा लक्ष्य 2028-2029 तक 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा उपकरण निर्यात करने का होगा।” श्री सिंह ने जोर देकर कहा कि सशस्त्र बलों को अत्याधुनिक हथियारों और प्लेटफार्मों से लैस किया जा रहा है और वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने वीरता और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सैन्य कर्मियों की सराहना की।

कार्यभार संभालने के तुरंत बाद रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली नई सरकार के तहत रक्षा मंत्रालय की पहले 100 दिनों की कार्य योजना पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें पूर्व सैनिक कल्याण विभाग से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को 100 दिनों की कार्य योजना में निर्धारित एजेंडे को पूरा करने के लिए खुद को फिर से समर्पित करने का निर्देश दिया।

Exit mobile version