नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता एक ‘बड़ा फैसला’ है जो हर देशवासी के लिए लाभदायक होगा। बैठक में शामिल सांसदों ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने एनडीए के संसदीय दल की बैठक में सदस्यों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार हमेशा राष्ट्र के हित में काम करती है।
एनडीए के घटक दलों के सदस्यों ने यूरोपीय संघ और अमरीका के साथ व्यापार समझौतों के लिए प्रधानमंत्री को बधाई भी दी और कहा कि इससे भारतीय विनिर्माताओं, निर्यातकों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी। बैठक में शामिल सांसदों के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता एक बड़ा फैसला है और देश में सभी को इससे लाभ मिलेगा।
भारत और अमरीका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए है जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय उत्पादों पर शुल्क को कुल 50 प्रतिशत से कम करके 18 प्रतिशत करेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पूरे देश में इस समझौते को लेकर उत्साह है। उन्होंने कहा, सांसदों में इस बात को लेकर उत्साह है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 9 व्यापार समझौते पूरे हुए हैं। कुल 39 देशों के साथ व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह ऐतिहासिक है।
ये सभी 39 देश विकसित देश हैं..यह ऐतिहासिक है। देश में बहुत अच्छा माहौल है। बैठक में सदस्यों ने भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। रिजिजू के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए के घटक दलों के सांसदों से कहा कि उन्हें स्थानीय निकाय समेत विभिन्न चुनावों में अपनी जीत से संतुष्ट होकर बैठ नहीं जाना चाहिए, बल्कि अच्छा काम करते रहना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), शिवसेना, जनता दल (सेक्युलर) और राजग के अन्य दलों के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।

