
नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य लोगों को आईएसएस लेकर जाने वाले अंतरिक्ष यान एग्जियोम-4 का प्रक्षेपण एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। स्पेसएक्स ने बताया कि पोस्ट स्टैटिक फायर बूस्टर के निरीक्षण के दौरान फाल्कन-9 रॉकेट में ऑक्सीजन लीक की समस्या पाई गई। जिसकी मरम्मत के लिए इंजीनियरों ने और समय मांगा है। सबसे पहले इसकी लॉन्चिंग की तारीख 29 मई तय की गई थी, फिर इसे बढ़ाकर आठ जून कर दिया गया। इसके बाद फिर इसके प्रक्षेपण की तारीख में बदलाव करके 10 जून कर दिया गया। फिर 10 जून से पहले ही नौ जून को भी मिशन को 11 जून तक टाल दिया गया था। तब इसरो ने इसका कारण खराब मौसम को बताया था। इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने सोमवार शाम जारी बयान में कहा था, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले यान- एग्जियोम-4 मिशन का प्रक्षेपण 10 के बदले 11 जून 2025 तक स्थगित कर दिया गया है। अब चौथी बार फिर से एग्जियोम-4 का प्रक्षेपण स्थगित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 4 लोगों की गई जान